आप यहाँ पर हैं
होम > इंडिया (India) > अयोध्या में विवादित स्थल रामजन्म भूमि नहीं, बुद्ध विहार था: डॉ. धम्म वीरियो

अयोध्या में विवादित स्थल रामजन्म भूमि नहीं, बुद्ध विहार था: डॉ. धम्म वीरियो

अलीगढ़: धम्म चेतना यात्रा को लेकर अलीगढ़ पहुंचे पूर्व सांसद एवं अखिल भारतीय भिक्षु संघ के नायक भदंत डॉ. धम्म वीरियो ने दावा किया है कि अयोध्या में विवादित स्थल रामजन्म भूमि नहीं, बुद्ध विहार था।

उन्होंने कहा कि, पुरातत्व विभाग इसकी खुदाई करे तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। प्रेसवार्ता के दौरान वीरियो ने कहा कि अयोध्या में यदि खुदाई होगी तो बुद्ध विहार निकलेगा। उनका कहना है कि, विवादित स्थल पर हिन्दू और मुस्लिमों का दावा गलत है। विवादित स्थल की कानूनी लड़ाई में हिन्दू-मुस्लिम तो पक्षकार हैं, बौद्ध क्यों नहीं? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि, जापानी बौद्ध भिक्षु सुप्रीम कोर्ट में लड़ रहे हैं। दरअसल, अयोध्या का मसला सियासी लोगों की वजह से नहीं सुलझ रहा। वे कौन से सियासी दल या लोग हैं? इस सवाल पर उन्होंने स्पष्ट जवाब नहीं दिया और कहा कि वह कोई भी हो सकते हैं।

धम्म चेतना यात्र का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि धम्म को जगाने, चेतना पैदा करने और देश को बचाने के लिए ही यात्रा शुरू की गई है। इसमें कोई राजनीति नहीं है। भाजपा मेरे साथ है। अभी कांग्रेस, बसपा व अन्य दल भी आएंगे, क्योंकि मेरे पीछे वोट है। पूर्व सांसद वीरियो ने कहा कि, यहां अच्छे बौद्ध भिक्षु न होने के कारण इस धर्म का प्रचार नहीं हुआ है। अलीगढ में धम्म चेतना यात्रा लेकर पहुंचे आल इंडिया भिक्षु संघ के नायक व पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉ. धम्म वीरियो व अन्य भिक्षुओं का भाजपाइयों व अन्य संगठनों ने जोरदार स्वागत किया।

 

Top