AAJ News India – Hindi News, Latest News in Hindi, Breaking News, हिन्दी समाचार

तीन सदस्यों का दल अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में छह महीने के ऐतिहासिक मिशन के बाद धरती पर लौटा

लंदन: ब्रिटिश अंतरिक्षयात्री मेजर टिम पीक सहित तीन सदस्यों का दल अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में छह महीने के ऐतिहासिक मिशन को पूरा करने के बाद शनिवार को धरती पर लौट आया। अंतरिक्ष में 186 दिन बिताने के बाद मेजर पीक, रूस के यूरी मालेनचेंको और नासा के टिम कोपरा के साथ सोयूज कैप्सूल कजाखिस्तान के मैदान में उतरा।

लैंडिंग के बाद पीक ने कहा, “वास्तव में मैं बहुत खुश हूं। धरती की महक ऐसी प्रबल है कि अब मैं अपने परिवार को देखने के लिए उत्सुक हूं।” मेडिकल चेकअप के बाद मेजर पीक कारागैंडी हवाई अड्डे पर खड़े नासा गल्फस्ट्रीम जेट से नार्वे के लिए उड़ान भरेंगे। इसके बाद वह जर्मनी के कोलोन के लिए रवाना होंगे। कोलोन में यूरोपीय अंतरिक्षयात्री केंद्र स्थित है।

पीक, 1991 में हेलेन शरमन के बाद पहले ब्रिटिश हैं, जिन्होंने अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरी है। वह अंतरिक्ष में चहलकदमी करने पहले ब्रिटिश भी हैं। मिशन के दौरान मेजर पीक ने धरती पर एक रोबोट चलाया और लंदन मैराथन (पृथ्वी का चक्कर लगाते हुए पीक ने अंतरिक्ष में करीब 42 किलोमीटर की दौड़ लगाई) में भाग भी लिया। वर्ष 2007 में सुनीता विलियम्स अंतरिक्ष में रहते हुए बोस्टन मैराथन में हिस्सा लेने वालीं पहली महिला अंतरिक्षयात्री बनीं थीं।