आप यहाँ पर हैं
होम > इंडिया (India) > महिला से बदसलूकी करने के आरोप में प्रेस कांफ्रेंस से गिरफ्तार किये गए ‘आप’ विधायक

महिला से बदसलूकी करने के आरोप में प्रेस कांफ्रेंस से गिरफ्तार किये गए ‘आप’ विधायक

नई दिल्ली: आप विधायक दिनेश मोहनिया शनिवार (25 जून) को गिरफ्तार कर लिए गए हैं। उनसे एक महिला से छेड़छाड़ करने का आरोप है। उन्‍हें प्रेस कॉन्‍फ्रेंस के दौरान गिरफ्तार किया गया।

गुरुवार (23 जून) को भी उनके खिलाफ महिलाओं के एक समूह ने बदसलूकी करने का एक मामला दर्ज कराया था। ये महिलाएं अपने मुहल्ले में जल संकट के सिलसिले में उनके पास एक शिकायत लेकर गई थींं। मोहनिया पर शुक्रवार को भी एक बुजुर्ग को पीटने का आरोप लगा था। पुलिस ने बताया कि संगम विहार विधायक पर चोट पहुंचाने, आपराधिक धमकी देने और महिला का शील भंग करने वाले शब्द, हावभाव का इस्तेमाल या हरकत करने के आरोपों को लेकर मामला दर्ज किया गया था।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) नूपुर प्रसाद ने बताया था कि आइपीसी की धाराओं 323, 506 और 509 के तहत मोहनिया के खिलाफ महिलाओं के एक समूह ने नेब सराय पुलिस थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है। संगम विहार के रहने वाले शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि जब वे पानी की किल्लत के समाधान के लिए उनकी मदद मांगने गर्इं तो मोहनिया और उनके साथियों ने उनके साथ मारपीट की और धमकी दी। हालांकि आप विधायक ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि कुछ समाचार चैनलों द्वारा तथाकथित एक वीडियो दिखाए जाने के बाद उन्हें निशाना बनाया गया। उन्होंने बताया कि कथित घटना के वक्त वह उस स्थान पर नहीं थे।

Top