आप यहाँ पर हैं
होम > इंडिया (India) > पंजाब में नशे के खिलाफ उतरे राहुल, सत्ता में आए तो एक महीने में करेंगे खात्मा

पंजाब में नशे के खिलाफ उतरे राहुल, सत्ता में आए तो एक महीने में करेंगे खात्मा

जालंधर: जालंधर में नशे ओर कानून व्यवस्था को लेकर आयोजित रैली में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पंजाब सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से अकालियों को फायदा हो रहा है। नशे का कारोबार फल-फूल रहा है, जबकि किसान आत्महत्या कर रहे हैं।

राहुल ने कहा कि अगर हमारी सरकार आई तो एक माह में पंजाब से नशे का खात्मा करेंगे। नशे से पैसा बनाने वालों के खिलाफ कानून बनाकर उनका पैसा लोगों को वापस देंगे।उन्होंने कहा कि अपने पिछले दौरे में मैंने कहा था कि पंजाब में ड्रग्स की प्रॉब्लम है। तब अकाली दल ने कहा था कि राहुल ने पंजाब की बेइज्जती की। अब चार साल बाद मैं फिर कह रहा हूं कि पंजाब में नशा सबसे बड़ी समस्या है। नशे का बिजनेस फैल रहा है। लोगों ने आतंकवाद को हराया, नशे को भी हराएंगे। नशे को खत्म करना होगा। अकाली सरकार नशे को बढ़ावा दे रही है। तस्करों को संरक्षण दे रही। पंजाब का भविष्य खराब किया जा रहा है। नशे की जंजीरों में जकड़ा पंजाब आगे नहीं जा सकता।

राहुल ने कहा कि एक तरफ नशे पर बनी फिल्म को बैन किया जा रहा है। दूसरी ओर सरकार सह मानने को तैयार नहीं है कि पंजाब में नशा भरपूर है। सरकार के आंकड़े भी सही नहीं है। सरकार को यह मालूम ही नहीं है कि यहां कितने फीसद लोग नशे की जद में हैं। भट्टा परसौल जाने पर मेरा मजाक उड़ाया गया था। किसानों के लिए लड़ा। किसान जानते हैं सच्चाई क्या है। हम एमएसपी पर भी लड़े। जैसे भट्टा परसौल की लड़ाई लड़ी वैसे ही नशे के खिलाफ लड़ेंगे। कांग्रेस सरकार में आई तो कानून-व्यवस्था बुरी तरह बिगड़ गई है।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो पंजाब को फिर से पटरी पर लाएंगे। पंजाब का भविष्य संवारेंगे। अमन का शासन स्थापित करेंगे। किसानों के हकों के लिए लड़ रहे हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे। धरना स्थल पर पहुंचने पर राहुल कार्यकर्ताओं से मिले और उनके साथ जमीन पर बैठकर विरोध किया। कांग्रेस के प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह ने किसानों की खुदकशी का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि लाइनमैन की पीटकर हत्या करने में अकाल नेता का नाम सामने आया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में ऐसी हालत कभी नहीं देखी। पंजाब में गुंडा राज है। लाखों लोग नशे में डूबे हैं। राहुल गांधी ने पहले कहा था कि 70 फीसदी लोग नशे में डूबे हैं, तो बहुत हंगामा हुआ था। अकाली दल के लोग पैसा कमाने में लगे हैं। अमृतसर में गांव के गांव नशे में डूबे हैं। उन्होंने सरकारी प्रॉपर्टी बेचने पर भी सरकार को घेरा। कहा कि आने वाली पीढ़ी के लिए कुछ भी नहीं छोड़ा। पंजाब के बच्चों का भविष्य अंधकारमय है। हम पंजाब को नई हुकूमत देंगे। राहुल पंजाब का हाल जानते हैं, इसलिए लोगों का हाल जानने आए हैं।

 

Top